सावन उत्सव में छाईं महिला डॉक्टर्स: डॉ. श्रुति थवाईत ने संभाला मंच, एनीमिया रोकथाम और स्वास्थ्य पर हुआ गंभीर मंथन
बिलासपुर। न्यायधानी में शहर की महिला चिकित्सकों द्वारा भव्य ‘सावन उत्सव’ का आयोजन गरिमामय वातावरण में किया गया। इस विशेष समागम में डॉ. श्रुति थवाईत (जायसवाल) ने अपनी प्रभावशाली वाकपटुता और ऊर्जावान अंदाज से पूरे कार्यक्रम के मंच संचालन की कमान संभाली। उनके कुशल संचालन ने रंगारंग प्रस्तुतियों और विचार गोष्ठी दोनों को बांधे रखा।

कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती की वंदना के साथ हुई, जिसके बाद महिला डॉक्टरों ने गायन, मनमोहक नृत्य और प्रहसन के जरिए सावन की छटा बिखेरी। उत्सव के दौरान समाज को निरोगी रखने के उद्देश्य से गंभीर स्वास्थ्य परिचर्चा भी आयोजित की गई, जिसमें एनीमिया के कारण, बचाव और रोकथाम पर विस्तार से रणनीति साझा की गई।

कार्यक्रम की अध्यक्षता सीएमएचओ डॉ. शुभा गरेवाल ने की। मंच संचालन में डॉ. श्रुति के साथ डॉ. आरती जायसवाल ने भी सहयोग दिया, वहीं प्रतियोगिता का संयोजन डॉ. आरती पाण्डेय, डॉ. ममता साहू व डॉ. पूजा प्रसन्ना सिंह द्वारा किया गया। आयोजन में शहर की वरिष्ठ व युवा महिला चिकित्सकों की उल्लेखनीय भागीदारी रही।

