एसईसीएल और बेलतरा में बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती धूमधाम से मनाई गई
बिलासपुर/बेलतरा:
आज दिनांक 14 अप्रैल 2026 को एसईसीएल मुख्यालय में भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वींएसईसीएल बेलतरा में बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती धूमधाम से मनाई गई जयंती अत्यंत गरिमापूर्ण ढंग से मनाई गई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक श्री हरीश दुहन थे। इस अवसर पर निदेशक तकनीकी (संचालन) श्री एन. फ्रेंकलिन जयकुमार, निदेशक (मानव संसाधन) श्री बिरंची दास, निदेशक (वित्त) श्री डी. सुनील कुमार एवं निदेशक (योजना/परियोजना) श्री रमेश चन्द्र महापात्र विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
पुनर्निर्मित स्थल का लोकार्पण और श्रद्धासुमन
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि द्वारा बाबा साहेब के नवनिर्मित स्थल के लोकार्पण के साथ हुआ। अतिथियों ने गौतम बुद्ध एवं बाबा साहेब के चित्र के समक्ष दीप प्रज्जवलित कर माल्यार्पण किया। इसके पश्चात विभिन्न विभागाध्यक्षों, श्रमसंघ प्रतिनिधियों, एससी/एसटी एसोसिएशन और सिस्टा के पदाधिकारियों ने बाबा साहेब की प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित किए।
राष्ट्र निर्माण में बाबा साहेब के विचारों की प्रासंगिकता
मुख्य अतिथि श्री हरीश दुहन ने अपने संबोधन में कहा:
”आज राष्ट्र के लिए गौरव का दिन है। हमें बाबा साहेब के संकल्पों और समानता के विचारों को आत्मसात कर राष्ट्र एवं समाज निर्माण में योगदान देना चाहिए। एसईसीएल उनके सिद्धांतों पर चलते हुए प्रोजेक्ट धरा शक्ति, स्मार्ट क्लासेस और नीट (NEET) कोचिंग के माध्यम से वंचित वर्गों और महिला सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।”
इस दौरान श्रम संघ प्रतिनिधियों (कृष्णा सूर्यवंशी, सुदेश डागोर, एम.पी. जांगडे आदि) ने भी बाबा साहेब के जीवन संघर्ष पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में दिशा खोब्रागडे एवं टीम द्वारा बुद्ध वंदना प्रस्तुत की गई, जबकि मंच संचालन श्रीमती सविता निर्मलकर (प्रबंधक, राजभाषा) ने किया।
बेलतरा विधानसभा में उमड़ा उत्साह: विधायक सुशांत शुक्ला हुए शामिल
इसी क्रम में, बेलतरा विधानसभा के अंतर्गत साथी (Sathi) में भी बाबा साहेब की जयंती हर्षोल्लास के वातावरण में मनाई गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्रीय विधायक श्री सुशांत शुक्ला सम्मिलित हुए।
उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए विधायक श्री शुक्ला ने कहा:
”बाबा साहेब ने ‘क्षमता और समानता’ का जो अधिकार आम नागरिकों को दिया है, उसी की परिणति है कि आज समाज के अंतिम छोर पर खड़ा व्यक्ति और विशेषकर हमारी माताएं-बहनें पूरी गरिमा के साथ राष्ट्र की मुख्यधारा में कंधे से कंधा मिलाकर चल रही हैं। उनके द्वारा रचित संविधान ही हर नागरिक की प्रगति का आधार है।”
इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने बाबा साहेब को याद करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।



