विकास के पथ पर बेलतरा: सिटी बस सेवा शुरू, करोड़ों के निर्माण कार्यों की मिली सौगात
विधायक सुशांत शुक्ला और महापौर पूजा विधानी ने किया लोकार्पण एवं भूमिपूजन; राजकिशोर नगर को मिला सामुदायिक भवन
बिलासपुर |
बेलतरा विधानसभा क्षेत्र में रविवार का दिन ‘विकास उत्सव’ के रूप में मनाया गया। क्षेत्रवासियों की दशकों पुरानी प्रतीक्षा को विराम देते हुए विधायक सुशांत शुक्ला ने बहुप्रतीक्षित सिटी बस सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके साथ ही राजकिशोर नगर में नवनिर्मित ‘हरश्रिंगार सामुदायिक भवन’ का लोकार्पण और करोड़ों रुपये के सड़क व सेतु निर्माण कार्यों का भूमिपूजन संपन्न हुआ।
परिवहन हुआ आसान, मांगलिक कार्यों के लिए सस्ता विकल्प
सुबह 9:00 बजे कोनी बस डिपो में सिटी बस के शुभारंभ के दौरान लोगों का उत्साह देखते ही बनता था। स्थानीय निवासियों का कहना है कि अब शहर और ग्रामीण इलाकों के बीच आवागमन सुलभ हो जाएगा। वहीं, राजकिशोर नगर में सामुदायिक भवन के शुरू होने से अब मध्यमवर्गीय परिवारों को शादी-ब्याह व अन्य सामाजिक कार्यक्रमों के लिए निजी होटलों के महंगे खर्च से मुक्ति मिलेगी और एक सुलभ विकल्प उपलब्ध होगा।
सेलर-पौसरा सेतु और भाड़ी सड़क का भूमिपूजन
विधायक ने सेलर-पौसरा सेतु और भाड़ी में सड़क निर्माण के लिए शिलापूजन किया। इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से क्षेत्र की कनेक्टिविटी में क्रांतिकारी बदलाव आएगा, जिससे किसानों और छात्रों को विशेष लाभ मिलेगा।
विधायक सुशान्त शुक्ल ने कहा
”हमने जनता से जो वादा किया था, उसे धरातल पर उतार कर दिखाया है। बेलतरा में विकास की यह बयार रुकने वाली नहीं है। सिटी बस सेवा का विस्तार और बुनियादी ढांचों का निर्माण मेरी प्राथमिकता है। सार्वजनिक संपत्ति की सुरक्षा और विकास कार्यों में सहभागिता हम सभी की जिम्मेदारी है।”
—
महापौर पूजा विधानी ने बताया की
बेलतरा और आसपास के क्षेत्रों के लिए सिटी बस सेवा एक बड़ी उपलब्धि है। नगर निगम प्रशासन का प्रयास है कि जनता को कम खर्च में बेहतर सुविधाएं मिलें। बेलतरा अब आधुनिक सुविधाओं से लैस हो रहा है, जिससे शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों का समान विकास होगा।”
—
कार्यक्रम में ये रहे मौजूद:
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्री राजेश सूर्यवंशी, भाजपा के स्थानीय पदाधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्र के नागरिक उपस्थित रहे। पूरे क्षेत्र में ‘विकास के नए आयाम गढ़ता बेलतरा’ के नारे के साथ हर्ष का माहौल देखा गया



