साहू समाज को समर्पित नव भवन—स्वर्गीय मुनीराम साहू जी को सच्ची श्रद्धांजलि
केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने लोरमी में साहू धर्मशाला नवीनीकरण का किया लोकार्पण
लोरमी।
केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री श्री तोखन साहू ने लोरमी में आयोजित साहू धर्मशाला नवीनीकरण लोकार्पण एवं शपथ ग्रहण समारोह में गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई। इस अवसर पर उन्होंने माँ कर्मा की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर साहू समाज की सेवा, एकता और संस्कारों के प्रति अपनी गहरी आस्था प्रकट की।

समारोह को संबोधित करते हुए श्री साहू ने कहा कि नवीनीकृत साहू धर्मशाला सामाजिक समरसता, सेवा भावना और सांस्कृतिक मूल्यों को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। यह भवन समाज को संगठित करने और भावी पीढ़ियों को संस्कार देने का सशक्त माध्यम बनेगा।
उन्होंने स्वर्गीय मुनीराम साहू जी को स्मरण करते हुए कहा कि यह नव भवन उनके प्रति समाज की ओर से एक सच्ची श्रद्धांजलि है। साथ ही भवन निर्माण एवं नवीनीकरण में योगदान देने वाले सभी सहयोगकर्ताओं के प्रति उन्होंने आभार व्यक्त करते हुए उनके प्रयासों की सराहना की।
इस अवसर पर साहू समाज के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों के शपथ ग्रहण समारोह में भी केंद्रीय मंत्री श्री साहू ने सहभागिता की और सभी पदाधिकारियों को उनके नए दायित्वों के लिए शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने आशा व्यक्त की कि नवगठित टीम समाजहित में समर्पित भाव से कार्य करते हुए संगठन को नई ऊँचाइयों तक ले जाएगी



