एसईसीएल मुख्यालय में वार्षिक कोयला खान सुरक्षा पखवाड़ा 2025 का शुभारंभ
बिलासपुर। एसईसीएल मुख्यालय प्रांगण में वार्षिक कोयला खान सुरक्षा पखवाड़ा 2025 का उद्घाटन आज 01 दिसंबर को अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक श्री हरीश दुहन द्वारा सुरक्षा ध्वज फहराकर किया गया। यह सुरक्षा पखवाड़ा 01 दिसंबर से 14 दिसंबर 2025 तक आयोजित किया जा रहा है। इस अवसर पर निदेशक तकनीकी (संचालन) श्री एन. फ्रैंकलिन जयकुमार, निदेशक (कार्मिक) श्री बिरंची दास, मुख्य सतर्कता अधिकारी श्री हिमांशु जैन, विभिन्न विभागाध्यक्ष, श्रमसंघ प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक श्री हरीश दुहन का उद्बोधन
श्री दुहन ने अपने संबोधन में कहा कि
“शून्य दुर्घटना लक्ष्य हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। हमें किसी भी स्थिति में ऐसा कार्य व्यवहार नहीं अपनाना चाहिए जिससे हमारी या हमारे साथियों की जान जोखिम में पड़े। सुरक्षा केवल नियम नहीं, बल्कि हर कर्मचारी की सामूहिक ज़िम्मेदारी है।”
उन्होंने खदानों में सुरक्षा जागरूकता और कार्य-संस्कृति को और मजबूत करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
निदेशक (कार्मिक) श्री बिरंची दास का संदेश — सावधानी ही सुरक्षा
अपने उद्बोधन में श्री बिरंची दास ने कहा कि
“सावधानी घटी तो दुर्घटना घटी — यह खदानों का सिद्ध सत्य है। कर्मियों में सुरक्षा के प्रति निरंतर जागरूकता अत्यंत आवश्यक है। हर कर्मचारी को अपने कार्य को पूर्ण सावधानी से करना चाहिए ताकि किसी भी प्रकार की कैजुअल्टी न हो। सुरक्षा शून्य दुर्घटना की दिशा में उठाया प्रत्येक कदम हमारे संगठन की प्रगति से जुड़ा है।”

निदेशक तकनीकी (संचालन) श्री एन. फ्रैंकलिन जयकुमार का संबोधन
श्री जयकुमार ने कहा कि
“सुरक्षा हमारी पहली प्राथमिकता और कार्य-संस्कृति का अनिवार्य हिस्सा है। अनुशासन, सही अभिवृत्ति (Attitude) और सुरक्षा मानकों के पालन से ही हम अपने लक्ष्यों को प्राप्त कर सकते हैं। सुरक्षा पखवाड़ा हमें सामूहिक प्रतिबद्धता दोहराने तथा नए सुरक्षा मानक स्थापित करने का अवसर देता है।”
कार्यक्रम की प्रमुख झलकियाँ
अतिथियों ने कार्यक्रम की शुरुआत शहीद स्मारक एवं खनिक प्रतिमा पर माल्यार्पण कर की।
मुख्य अतिथि द्वारा सुरक्षा शपथ का पठन किया गया जिसे सभी उपस्थितों ने दोहराया।
शहीद श्रमवीरों के सम्मान में एक मिनट का मौन रखा गया।
“सुरक्षा से समृद्धि” बुकलेट का विमोचन मंचस्थ अतिथियों द्वारा किया गया।
स्वागत उद्बोधन श्री मनोज कुमार, महाप्रबंधक (सुरक्षा एवं बचाव) ने प्रस्तुत किया।
कुसमुंडा क्षेत्र की टीम ने सुरक्षा विषय पर नाटक का मंचन किया जिसमें खदान में सभी सुरक्षा मानकों के पालन का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के अंत में अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक श्री हरीश दुहन सहित सभी निदेशकों ने एसईसीएल के विभिन्न कोयला क्षेत्रों में सुरक्षा संदेश प्रसार हेतु सुरक्षा रथ को फ्लैग ऑफ किया।
मंच संचालन का दायित्व श्री शेख जाकिर हुसैन, मुख्य प्रबंधक (पर्यावरण) ने निभाया।



