बिलासपुर में स्वास्थ्य सेवाओं का नया अध्याय: प्रथम हॉस्पिटल के 12वें वार्षिकोत्सव पर अत्याधुनिक ‘कैथलैब’ का भव्य लोकार्पण; संतों और गणमान्य अतिथियों की रही गरिमामयी उपस्थिति
:
10 बिस्तरों के क्लीनिक से 200 बेड के आधुनिक नेटवर्क तक का सफर: प्रथम हॉस्पिटल ने मनाया 12वां वार्षिकोत्सव, हृदय रोगियों के लिए शुरू हुई 24×7 कैथलैब
बिलासपुर। प्रथम हॉस्पिटल का 12वां वार्षिकोत्सव एवं अत्याधुनिक कैथलैब (Cath Lab) का शुभारंभ अत्यंत भव्य और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। इस नई सुविधा के प्रारंभ होने से अब बिलासपुर और आसपास के अंचल के हृदय रोगियों को 24×7 त्वरित व आपातकालीन कार्डियक उपचार की सुविधा स्थानीय स्तर पर ही सुलभ होगी।
वैदिक मंत्रोच्चार के साथ कैथलैब का लोकार्पण
समारोह के प्रथम सत्र में पधारे पूज्य संतों के पावन सान्निध्य में वैदिक मंत्रोच्चार और विधिवत पूजन-अर्चन के साथ अत्याधुनिक कैथलैब का लोकार्पण किया गया। संतों ने इस पुनीत कार्य के लिए संस्थान को अपना शुभाशीष प्रदान किया।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और गणमान्य अतिथियों का मार्गदर्शन
संध्याकालीन सत्र का शुभारंभ माँ सरस्वती की वंदना के साथ हुआ। इसके बाद बच्चों और हॉस्पिटल स्टाफ द्वारा प्रस्तुत मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह प्रांत प्रचारक श्री नारायण नामदेव जी उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में श्री देवेंद्र वर्मा जी (प्रचारक, RSS), श्री नवीन सिंह जी, श्री प्रफुल शर्मा जी, श्री पूर्णेन्दु भट्ट जी, श्री प्रदीप शर्मा जी तथा श्री राधेश्याम परिहार जी सहित अनेक गणमान्य नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही। अतिथियों ने संस्थान की जनसेवा की भावना की भूरि-भूरि प्रशंसा की।

10 बिस्तरों से 200 बिस्तरों तक का प्रेरक सफर
संस्थान के संस्थापक एवं संचालक डॉ. रजनीश पाण्डेय ने यात्रा का स्मरण करते हुए कहा कि वर्ष 2015 में मात्र 10 बिस्तरों के एक छोटे से क्लीनिक से शुरू हुई यह सेवा-यात्रा आज जनविश्वास, समर्पित चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों के अथक परिश्रम से 200 बिस्तरों के एक विस्तृत स्वास्थ्य नेटवर्क के रूप में विकसित हो चुकी है। इस समूह के अंतर्गत वर्तमान में प्रथम हॉस्पिटल, आराध्या हॉस्पिटल, योगिराज हॉस्पिटल (नागपुर) एवं आरोग्य श्री हॉस्पिटल (मरवाही) अपनी उत्कृष्ट सेवाएं दे रहे हैं।
डॉ. पाण्डेय ने सभी अतिथियों, चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों और क्षेत्र की जनता के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा कि जनसेवा और उन्नत स्वास्थ्य सुविधाओं का यह संकल्प अनवरत जारी रहेगा

।
