एसईसीएल मुख्यालय में हर्षोल्लास से मनाया गया 80वाँ स्वतंत्रता दिवस

साऊथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) मुख्यालय में 80वाँ स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। इस अवसर पर वसंत विहार खेल मैदान में आयोजित मुख्य समारोह में एसईसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक (CMD) श्री हरीश दुहन ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड की सलामी ली।

समारोह में निदेशक तकनीकी (संचालन) श्री एन. फ्रैंकलिन जयकुमार, निदेशक (मानव संसाधन) श्री बिरंची दास, निदेशक (वित्त) श्री डी. सुनील कुमार, मुख्य सतर्कता अधिकारी श्री हिमांशु जैन तथा निदेशक तकनीकी (योजना/परियोजना) श्री रमेश चंद्र महापात्र उपस्थित रहे। इस अवसर पर एसईसीएल परिवार की प्रथम महिला एवं श्रद्धा महिला मंडल की अध्यक्षा श्रीमती शशि दुहन, उपाध्यक्षागण – श्रीमती अनिता फ्रैंकलिन, श्रीमती इप्सिता दास, श्रीमती हसीना कुमार, श्रीमती विनिता जैन एवं श्रीमती शुभश्री महापात्र सहित एसईसीएल परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में CMD श्री हरिश दुहन ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि “कोयला देश की ऊर्जा सुरक्षा का प्रमुख आधार है और एसईसीएल पर्यावरण संरक्षण एवं सामाजिक कल्याण के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए देश की ऊर्जा आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है।” उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में ऊर्जा सुरक्षा के साथ-साथ तकनीकी उत्कृष्टता, पर्यावरणीय जिम्मेदारी और समावेशी विकास की महत्वपूर्ण भूमिका है

समारोह के दौरान स्कूली बच्चों द्वारा देशभक्ति से ओतप्रोत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमूह में उत्साह और देशभक्ति की भावना का संचार किया।

इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले एसईसीएल के कर्मियों को उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए पुरस्कृत एवं सम्मानित भी किया गया। समारोह का समापन राष्ट्र के प्रति समर्पण, सेवा और सतत विकास के संकल्प के साथ हुआ





