विमर्श तिवारी )
बीएनआई व्यापार मेला: ‘सुई से लेकर जेसीबी तक’ एक ही छत के नीचे, 50 व्यापारियों को मिला ‘व्यापार रत्न’
साइंस कॉलेज मैदान में उमड़ रही भीड़; आत्मनिर्भरता और रोजगार का बना सशक्त मंच
बिलासपुर। “जब स्थानीय व्यापार मजबूत होता है, तभी शहर और राज्य की अर्थव्यवस्था को नई दिशा मिलती है।” इसी संकल्प के साथ साइंस कॉलेज मैदान में आयोजित ‘बीएनआई बिलासपुर व्यापार एवं उद्योग मेला-2026’ न केवल खरीद-फरोख्त का केंद्र, बल्कि उद्यमिता और नवाचार का महाकुंभ बनकर उभरा है। 25 वर्षों की गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाते हुए बीएनआई द्वारा आयोजित इस मेले में सुई से लेकर जेसीबी तक—सब कुछ एक ही छत के नीचे उपलब्ध है।
मेले के दूसरे दिन का मुख्य आकर्षण ‘छत्तीसगढ़ व्यापार रत्न’ सम्मान समारोह रहा, जिसमें प्रदेश के 33 जिलों से आए 50 चयनित व्यापारियों को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया। 29 जनवरी से शुरू हुआ यह मेला 3 फरवरी तक प्रतिदिन सुबह 10 बजे से रात 10 बजे तक चलेगा। प्रवेश निःशुल्क होने के कारण शहरवासियों की भारी भीड़ उमड़ रही है।
गांधीजी के विचारों और मैराथन से हुई दिन की शुरुआत
मेले के दूसरे दिन की शुरुआत ‘सद्भावना मैराथन’ से हुई, जिसमें नागरिकों ने स्वास्थ्य और सामाजिक एकता का संदेश दिया। महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर “गांधी मजबूरी नहीं, मजबूती का नाम है” विषय पर विशेष सत्र हुआ। आधारशिला ग्रुप के डायरेक्टर अजय श्रीवास्तव और डॉ. किरण पाल सिंह चावला ने गांधीजी के स्वदेशी और आत्मनिर्भरता के विचारों को साझा किया।

समन्वय से बिलासपुर करेगा रायपुर जैसी प्रगति: धर्मजीत सिंह
तखतपुर विधायक धर्मजीत सिंह ने कहा कि यह मेला केवल व्यापार का मंच नहीं, बल्कि स्थानीय प्रतिभा और स्टार्टअप्स को नई उड़ान देने का माध्यम है। उन्होंने जोर देकर कहा कि यदि व्यापारी और नेता समन्वय के साथ काम करें, तो बिलासपुर भी रायपुर की तर्ज पर तेजी से विकास करेगा।25 साल पुराना पौधा अब बना वटवृक्ष: अटल श्रीवास्तव
कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव ने मेले के इतिहास को याद करते हुए कहा कि 25 वर्ष पूर्व हरीश केडिया द्वारा शुरू किया गया यह प्रयास आज डॉ. किरण पाल सिंह चावला और बीएनआई की मेहनत से ऊंचाई पर है। यह मेला राज्य के आर्थिक विकास का आईना है, जो युवाओं को उद्यमिता के लिए प्रेरित कर रहा है।मेले की झलकियां: एमएसएमई से लेकर फूड कोर्ट तक
मेले की भव्यता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि यहाँ छोटे घरेलू उत्पादों से लेकर भारी मशीनरी, ऑटोमोबाइल, रियल एस्टेट, शिक्षा, हेल्थकेयर और टेक्नोलॉजी के स्टॉल सजे हैं। इसके अलावा, 100 से अधिक फूड स्टॉलों पर विभिन्न व्यंजनों का स्वाद लेने के लिए लोगों का तांता लगा हुआ है।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से छ.ग. चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष सतीश थौरानी, भागचंद बजाज, श्रीचंद सुंदरानी, कमल सोनी सहित शहर के प्रतिष्ठित व्यापारी और नागरिक मौजूद रहे।




